देश - विदेश

सिद्धू मूसेवाला के पिता राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए

चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के मद्देनजर 24 घंटे तक निलंबित रहने के बाद रविवार को यहां खालसा कॉलेज ग्राउंड से शुरू हुई राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। चौधरी का शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रविवार को जालंधर में उनके पैतृक गांव धालीवाल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। गांधी भी दाह संस्कार में शामिल हुए। मार्च दोबारा शुरू करने से पहले गांधी ने जालंधर में देवी तालाब मंदिर में पूजा-अर्चना की।

अपराह्न करीब 3 बजे जैसे ही मार्च फिर से शुरू हुआ, गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह गांधी के साथ कुछ दूर तक चले। सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की पिछले साल मई में पंजाब के मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, विधायक परगट सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं ने मार्च में भाग लिया। यात्रा का रात्रि विश्राम आदमपुर में होगा।

मार्च का पंजाब चरण बुधवार को फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद से शुरू हुआ। लोहड़ी पर्व के मद्देनजर शुक्रवार को यात्रा पर विराम लगा।

7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुआ मार्च 30 जनवरी तक श्रीनगर में समाप्त होगा, जिसमें गांधी जम्मू और कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसने अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा को कवर किया है।

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: